चंडीगढ़ , जुलाई 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ ने पठानकोट में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर भ्रष्टाचार, राष्ट्रविरोधी तत्वों को संरक्षण देने और पंजाब की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
श्री चुघ ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि जालसाजी, धोखाधड़ी, लूटपाट और भ्रष्टाचार के मामलों में जेल जा चुके तथा फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहे केजरीवाल को ईमानदारी पर भाषण देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी हुई है और अब दूसरों पर आरोप लगाकर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने कथित तौर पर "टुकड़े-टुकड़े गैंग" की विचारधारा रखने वाले लोगों को संरक्षण दिया, श्रीराम मंदिर निर्माण का विरोध किया, प्राण प्रतिष्ठा समारोह का बहिष्कार किया और सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगकर भारतीय सेना के शौर्य पर सवाल उठाये।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली में हुई हिंसा से जुड़े आरोपियों को आम आदमी पार्टी का संरक्षण मिला। ऐसे व्यक्ति को पंजाब की जनता को ईमानदारी का पाठ पढ़ाने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने दिल्ली की कथित शराब नीति मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येंद्र जैन जेल जा चुके हैं और अब वही लोग पंजाब में ईमानदारी का संदेश देने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार पंजाब में नशे की समस्या पर नियंत्रण पाने में विफल रही है और राज्य में नशा तस्करी का नेटवर्क सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को आर्थिक सहायता और मुफ्त बिजली जैसे वादे केवल चुनावी प्रचार तक सीमित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब से जुड़े उठाये गये सवालों का जवाब देने के बजाय केजरीवाल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के विकास और ग्रामीण विकास फंड से जुड़े मुद्दों पर राज्य सरकार जवाब देने से बच रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित