सोनीपत , जुलाई 11 -- हरियाणा के कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे ने शादी की तैयारियों में जुटे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
मृतक की पहचान फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज स्थित कबीरपुर गांव निवासी कमलकांत के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 11 वर्षों से ट्रक चालक के रूप में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 5:15 बजे पिपली टोल प्लाजा के पास आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने पर कमलकांत का कंटेनर ट्रक पीछे से उससे टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला सिविल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित