बेंगलुरु , अक्टूबर 15 -- कर्नाटक रक्षण वेदिके (केआरवी) ने बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त से गायक सोनू निगम के यहां 24 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट की अनुमति न देने का आग्रह किया है। संगठन का आरोप है कि कन्नड़ भाषा को लेकर की गई उनकी विवादित टिप्पणी से कन्नड़भाषियों की भावनाओं और स्वाभिमान को ठेस पहुंची है।

पुलिस को सौंपे गए ज्ञापन में केआरवी के प्रदेश अध्यक्ष टीए नारायण गौड़ा ने मांग की कि कॉन्सर्ट की अनुमति न दी जाए और यदि अनुमति दे दी गई है तो उसे रद्द किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यक्रम आयोजित करने की अगर अनुमति दी गई तो राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

यह विवाद 25 अप्रैल 2025 का है, जब सोनू निगम बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में एक संगीत कार्यक्रम में शामिल हुए थे। दर्शकों में से एक व्यक्ति के गायक से बार-बार कन्नड़ गाना गाने की मांग करने के बाद इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

रिपोर्टों के मुताबिक, सोनू निगम ने तब कहा था कि मांग करने वाले व्यक्ति की जितनी उम्र है, उससे भी ज्यादा समय से वह कन्नड़ में गा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी ऐतराज जताया था कि मांग करने वाले व्यक्ति का लहजा बदतमीजी और धमकी भरा है।

बातचीत के दौरान उन्होंने इस व्यवहार को 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले से जोड़ दिया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे।

व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो में उन्हें यह कहते सुना गया, "यही कारण है, पहलगाम में जो हुआ है न? यही कारण है जो कर रहे हो, जो किया था न अभी?" आलोचकों ने इस टिप्पणी को भाषाई विवाद और आतंकवाद के बीच एक अनुचित तुलना के रूप में देखा, जिससे कर्नाटक में व्यापक आलोचना शुरू हो गई। सोनू निगम ने बाद में स्पष्ट किया था कि उनकी टिप्पणियां केवल उन कुछ लोगों के खिलाफ थीं, जिनका व्यवहार उन्हें धमकी भरा लगा था, न कि पूरे कन्नड़ समुदाय के खिलाफ। उन्होंने कर्नाटक के लोगों के प्रति अपने स्नेह को भी दोहराया था।

वहीं केआरवी का कहना है कि वे टिप्पणियां आपत्तिजनक थीं और कन्नड़ भाषी लोगों के गौरव का अपमान थीं। संगठन ने सवाल उठाया कि कन्नड़ में गाने की मांग पर ऐसी प्रतिक्रिया क्यों दी गई और गायक के पहलगाम हमले के संदर्भ पर भी आपत्ति जताई।

संगठन ने केआरवी की बेंगलुरु शहरी जिला इकाई के अध्यक्ष धर्मराज टीए के दो मई 2025 को अवलाहल्ली पुलिस स्टेशन में सोनू निगम के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत का भी हवाला दिया। संगठन ने शिकायत की स्थिति की समीक्षा करने और कानून के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित