पटना, अप्रैल 13 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने सोमवार को बताया कि केंद्र सरकार ने राज्य सरकार के प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए रबी सीजन 2026 के लिए चना, मसूर और सरसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद को मंजूरी दे दी है।
कृषि मंत्री श्री यादव ने इसके लिये देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को आभार व्यक्त एवं धन्यवाद देते हुये कहा कि इस फैसले से राज्य के किसानों को काफी लाभ होगा।
श्री यादव ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से प्रेषित पत्र का हवाला देते हुए बताया कि मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत बिहार के किसानों से निर्धारित मात्रा में फसलों की सरकारी खरीद सुनिश्चित की जाएगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस मंजूरी से राज्य के दलहन और तिलहन उत्पादक किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से सुरक्षा मिलेगी और उन्हें मजबूरी में अपनी फसल कम दामों पर नहीं बेचनी पड़ेगी।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही खरीद केंद्रों के माध्यम से इस प्रक्रिया को सुचारू रूप से लागू करेगी, जिससे समयबद्ध तरीके से किसानों को एमएसपी का लाभ मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित