सुपौल , अगस्त 25 -- कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने मंगलवार को कहा कि सत्तारूढ़ केंद्र की नरेन्द्र मोदी तथा बिहार की डबल इंजन सरकार युवाओं, किसानों और जनसाधारण की अनदेखी कर रही है।
संसद श्रीमती रंजन ने कहा कि संसद के शीतकालीन सत्र के बर्बाद होने की वजह सरकार का मुंह छुपाने वाला रवैया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सरकार से अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी तथा युवाओं के ऊपर अत्याचार एवं लगातार प्रतियोगिता परीक्षाओ में में हो रहे प्रश्न पत्र लीक पर सवाल पूछना चाहते थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह इसके लिए राजी नही हुए।
श्रीमती रंजन ने कहा कि जब से मोदी सरकार आई है, परीक्षाओ में पेपर लीक नियति बन गयी है। उन्होंने कहा कि बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र सहित ज्यादातर राज्यों में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की सरकार है और केंद्र के साथ राज्यों की तरफ से भी आयोजित परीक्षाओ में लगातार प्रश्न पत्र लीक होने से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस अन्याय के खिलाफ यदि छात्र विरोध पर उतरते हैं तो उनको पीटा जाता है, उनकी आवाज को दबा दिया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित