चंडीगढ़ , मार्च 13 -- पंजाब के मोगा में 14 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की राजनीतिक रैली से पहले, राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने केंद्र सरकार पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए पंजाब भाजपा नेताओं सुनील जाखड़, रवनीत सिंह बिट्टू और अश्वनी शर्मा को चुनौती दी कि वे साहस दिखाएं और रैली में सीधे अमित शाह के सामने पंजाब की चिंताएं रखें।
उन्होंने कहा, " कल की रैली केवल नारों या राजनीतिक ड्रामेबाजी के लिए नहीं होनी चाहिए। भाजपा नेतृत्व को पंजाब के जायज सवालों का जवाब देना होगा और राज्य का हक जारी करना होगा। "श्री चीमा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पिछले कई वर्षों से पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा, " पंजाब ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर हरित क्रांति तक देश के लिए बड़े बलिदान दिए हैं, फिर भी केंद्र जानबूझकर पंजाब को दरकिनार कर रहा है।" उन्होंने कहा कि केंद्र ने ग्रामीण विकास कोष (आरडीएफ), राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत पंजाब के हजारों करोड़ रुपये दबा रखे हैं।
उन्होंने मांग की कि श्री शाह मोगा में भाषण देने से पहले बाढ़ राहत फंड जारी करें। उन्होंने कहा कि पंजाब को बाढ़ से 20 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जबकि प्रधानमंत्री ने केवल 1,600 करोड़ रुपये की राहत की घोषणा की, जो अभी तक पूरी तरह नहीं मिली है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अमेरिका के साथ प्रस्तावित कृषि व्यापार समझौतों से पंजाब के किसानों को नुकसान होगा? उन्होंने पूछा, "अगर अमेरिकी किसानों को भारतीय बाजार देकर समृद्ध बनाया जा रहा है, तो क्या इसका खामियाजा हमारे किसानों को भुगतना पड़ेगा? "श्री चीमा ने पूछा कि केंद्र ने पाकिस्तान के साथ पंजाब की 550 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा को मजबूत करने के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता क्यों नहीं दी, जो नशा तस्करी रोकने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीण रोजगार योजनाओं में बदलाव की आलोचना की और कहा कि इससे गरीब और दलित परिवार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने योजना के पुराने स्वरूप को बहाल करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित