रांची , मई 25 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में आज फिर हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय केवल टैक्स वसूली में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पेट्रोल और डीज़ल पर केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए उत्पाद शुल्क और अन्य करों के कारण ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुकी हैं। आज राज्य के कई हिस्सों में पेट्रोल और डीज़ल 100 रुपये प्रति लीटर से ऊपर बिक रहा है। इसका सीधा असर परिवहन, खाद्य सामग्री, खेती-किसानी और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।
श्री महतो ने कहा महंगाई दर लगातार बढ़ रही है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की परेशानियों से पूरी तरह बेपरवाह बनी हुई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कई बार गिरावट आने के बावजूद आम लोगों को उसका लाभ नहीं दिया गया। केंद्र सरकार तेल कंपनियों के माध्यम से जनता की जेब पर डाका डाल रही है। भाजपा सरकार "जनता को राहत" नहीं बल्कि "जनता से वसूली" की नीति पर काम कर रही है।
इस के विरोध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा रांची के सभी पेट्रोल पंपों पर कल शाम 5 हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से आम जनता की आवाज़ को केंद्र सरकार तक पहुंचाया जाएगा और पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में तत्काल कमी की मांग की जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता हर जिले और प्रखंड स्तर पर लोगों से संपर्क कर बढ़ती महंगाई के खिलाफ जनमत तैयार करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस ने मांग की है कि केंद्र सरकार तुरंत पेट्रोल और डीज़ल पर लगाए गए अतिरिक्त करों को कम करे तथा आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित