अलवर , मार्च 08 -- राजस्थान के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय खेल प्राधिकरण एवं माय भारत केंद्र के समन्वय से गौरी देवी महाविद्यालय में आयोजित 'अस्मिता खेलो इंडिया' महिला एथलेटिक्स लीग एवं सम्मान समारोह का शुभारम्भ करके विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संकल्पबद्धता के साथ महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा एवं विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है।
श्री शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय में सुविधाओं का विस्तार करते हुए भव्य ऑडिटोरियम एवं इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर महाविद्यालय की बालिकाओं को नि:शुल्क सरिस्का अभयारण्य घुमाने का भी ऐलान किया।
नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक पंकज यादव ने बताया कि अस्मिता लीग में 400 मीटर प्रतियोगिता में रूपा स्वामी ने प्रथम, पिंकी ने द्वितीय एवं रोहिणी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, 200 मीटर प्रतियोगिता में सिमरन ने प्रथम, पिंकी गुर्जर ने द्वितीय एवं चिडिय़ा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया और 100 मीटर प्रतियोगिता में पलक खंडेलवाल ने प्रथम, दिलशाना ने द्वितीय एवं इंसाना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार रस्साकशी प्रतियोगिता में जीडी कॉलेज ने प्रथम एवं नर्सिंग कॉलेज अलवर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया और रंगोली प्रतियोगिता में गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज अलवर ने प्रथम एवं द्वितीय एवं नर्सिंग कॉलेज तिजारा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत 1200 से अधिक युवतियों द्वारा माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित