बीकानेर , अगस्त 16 -- केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा है कि केंद्र एवं राजस्थान सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करते हुए आमजन को बेहतर स्वास्थ्य, बिजली और अन्य आवश्यक सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध करवाना है।
श्री मेघवाल रविवार को अपने एक दिवसीय बीकानेर प्रवास के दौरान खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करने के बाद सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण से ग्रामीणों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
श्री मेघवाल ने कहा कि मजबूत विद्युत तंत्र ग्रामीण विकास की आधारशिला है। सत्तासर में 33/11 केवी जीएसएस के लोकार्पण से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इससे पहले श्री मेघवाल ने क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य एवं विद्युत क्षेत्र की महत्वपूर्ण सौगातें दीं। इस दौरान खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित