प्रयागराज , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर फैलने के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने सड़क पर जश्न मनाया। इस दौरान छात्रों ने जुलूस निकालकर नारेबाजी की। हंगामे के दौरान एक वाहन में तोड़फोड़ किए जाने तथा उसे पलट दिए जाने की भी घटना सामने आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस्तीफे की सूचना मिलते ही प्रदर्शनकारी छात्र सुभाष चौराहे पर एकत्र हो गए और जुलूस निकालते हुए नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान सड़क पर खड़े एक वाहन को निशाना बनाया गया। छात्रों की भीड़ ने वाहन में तोड़फोड़ की और बाद में उसे पलट दिया।
घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर डटे रहे और प्रदर्शन जारी रखा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर प्रदर्शनकारी वापस लौट गए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने संयमित रवैया अपनाया। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए धैर्यपूर्वक कार्रवाई की और प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने की अपील की।
अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा तथा पुलिस आयुक्त मनीष कुमार शांडिल्य स्वयं मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने उग्र हो रहे छात्रों से संयम बरतने की अपील की तथा स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास किया।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित