बैतूल , सितंबर 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में बुधवार को विद्यार्थी परिषद का अलंकरण समारोह आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि सहायक कलेक्टर खोत पुष्पराज नानासाहेब ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं कर्तव्यों की शपथ दिलाई। इस दौरान विद्यार्थियों को बैज, शैसे और ध्वज प्रदान कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। प्राथमिक विभाग के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि ने स्कूल कैप्टन चित्राक्ष कोसे और अदिति देशमुख तथा वाइस कैप्टन उज्ज्वल पटेल और प्रीति पवार को पदभार प्रदान किया। प्राथमिक विभाग के स्कूल कैप्टन अभिषेक सातनकर व सर्विका सातनकर तथा खेल कप्तान श्रेयांश प्रजापति व नंदिनी पवार सहित अन्य पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

शिवाजी, टैगोर, अशोक और रमन सदन के पदाधिकारियों को भी शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में भाग लेने और मोबाइल व इंटरनेट के नकारात्मक प्रभावों से बचने का आह्वान किया।

समारोह के बाद सहायक कलेक्टर ने कक्षा 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों से करियर संवाद किया। उन्होंने व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और करियर चयन की जानकारी दी। उन्होंने यूपीएससी की तैयारी का अपना अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यालय की खेल सुविधाओं का निरीक्षण कर विकास में यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया। ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित