अलवर , मार्च 16 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ के लिए स्वीकृत हुए केंद्रीय विद्यालय के मामले में नया मोड़ आ गया है, रैणी के दलालपुरा में आवंटित हुए भूमि को लेकर दलालपुरा के ग्रामीण ही विरोध में उतर गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने सोमवार को रैणी के उपखंड अधिकारी (एसडीएम) हरकेश मीना को आवंटन निरस्त करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीण हरिकिशन मीना ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय दलालपुरा में खोला जा रहा विद्यालय अनुचित और नियम विरुद्ध है। जो जमीन है, वह उनके पूर्वजों की है, जिसमें करीब 60 वर्ष से खेती करते आ रहे हैं, क्योंकि यह ग्रामीणों की खातेदारी की जमीन है।
इस सम्बंध में पूर्व में रैणी तहसीलदार को अवगत करवाया था, लेकिन उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया और उन्हें नोटिस तक जारी कर दिये गये। उन्होंने बताया कि उक्त जमीन पूर्व में परमवीर चक्र विजेता सैनिक को आवंटित की थी। उसके बाद यह जमीन उन्हीं लोगों के नाम थी और खातेदारी में थी, जिसे राज्य सरकार ने निरस्त कर दिया था। अगर राज्य सरकार ने जबरदस्ती इस पर केंद्रीय विद्यालय खोलने की कोशिश की, तो ग्रामीण अहिंसात्मक शांतिपूर्वक प्रदर्शन करेंगे और विद्यालय को दलालपुरा में नहीं खुलने देंगे, क्योकि यह जमीन उनके पूर्वजों की है न कि गोचर की जमीन।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित