पटना , सितंबर 28 -- िहार में खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक अन्वेषण, खनिज ब्लॉकों के विकास तथा पारदर्शी ई-नीलामी प्रक्रिया को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को केंद्रीय राज्य मंत्री, कोयला एवं खान मंत्रालय सतीश चंद्र दुबे की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, विभाग के वरीय पदाधिकारी, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई), राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट, एमईसीएल सहित अन्य संबंधित संस्थानों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बिहार के खनिज क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से भागलपुर जिले में अन्वेषित कोयला ब्लॉक में भूमिगत कोयला गैसीकरण के माध्यम से कोयला संसाधनों के दोहन की संभावनाओं पर चर्चा हुई। बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व विभाग की ओर से भूमिगत कोयला गैसीकरण से संबंधित प्रस्ताव पर अनुकूलतापूर्वक विचार करने तथा आवश्यक समन्वय एवं सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि बिहार में उपलब्ध खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक एवं आधुनिक तकनीक आधारित उपयोग की दिशा में केंद्र सरकार आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि भूमिगत कोयला गैसीकरण जैसे आधुनिक विकल्पों की संभावनाओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। संभावित निवेशकों एवं बोलीदाताओं को तकनीकी संभावनाओं से अवगत कराने के लिए पटना में रोड शो आयोजित करने की दिशा में भी आवश्यक पहल की जाएगी।
बिहार के खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार की खनिज संपदा राज्य के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि खनिज संसाधनों का वैज्ञानिक, पारदर्शी एवं सतत तरीके से उपयोग हो तथा अन्वेषण से लेकर ई-नीलामी और उत्पादन तक की पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया जाए। केंद्र सरकार के सहयोग और संबंधित संस्थानों के समन्वय से बिहार के खनिज क्षेत्र में नई संभावनाओं को विकसित किया जाएगा।
बैठक में बिहार में खनिज अन्वेषण कार्यों को बढ़ावा देने तथा अन्वेषण गतिविधियों में तेजी लाने के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अतिरिक्त अधिसूचित निजी अन्वेषण एजेंसियों के माध्यम से भी विभिन्न खनिजों के व्यापक अन्वेषण कार्य कराए जाने की आवश्यकता पर विचार किया गया।
ग्लूकोनाइट, लाइमस्टोन सहित प्रमुख खनिजों से संबंधित खनिज ब्लॉकों की ई-नीलामी की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित