धार , जून 02 -- केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री तथा धार लोकसभा सांसद सावित्री ठाकुर ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर वृंदावन में राष्ट्रीय संत साध्वी ऋतम्भरा से सौजन्य भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर सावित्री ठाकुर ने कहा कि साध्वी ऋतम्भरा का सान्निध्य आध्यात्मिक ऊर्जा, राष्ट्रभावना और सेवा के संस्कारों से ओतप्रोत रहता है। उनके आशीर्वाद से जनसेवा के कार्यों में अधिक समर्पण और निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि साध्वी ऋतम्भरा ने राम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा अपनी ओजस्वी वाणी और विचारों के माध्यम से सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया है। नारी सशक्तिकरण, गौसंरक्षण, संस्कार निर्माण तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनके कार्य प्रेरणादायी हैं।

भेंट के दौरान सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विषयों पर चर्चा हुई। सावित्री ठाकुर ने उन्हें धार जिले की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से अवगत कराते हुए भोजशाला दर्शन के लिए आमंत्रित किया। बताया गया कि साध्वी ऋतम्भरा शीघ्र ही भोजशाला दर्शन के लिए धार आ सकती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित