देवरिया , अगस्त 1 -- केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

श्री पासवान अपने रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने एक बीमार कार्यकर्ता के घर पहुंचकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की। रुद्रपुर में एक भाजपा कार्यकर्ता के आवास पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों और कार्यकर्ताओं ने सड़क, बिजली तथा अन्य जनसमस्याओं से मंत्री को अवगत कराया।

समस्याएं सुनने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए तथा जनहित से जुड़े मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित