दावनगेरे (कर्नाटक) , जून 27 -- केंद्रीय रेलवे एवं जलशक्ति राज्यमंत्री वी सोमन्ना ने शनिवार को कहा कि श्रीराम मंदिर में चंदे की चोरी एक 'महापाप' है और ईश्वर को अर्पित किये गये धन का दुरुपयोग करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
श्री सोमन्ना ने संवाददाताओं से कहा, "भगवान के नाम के दुरुपयोग से बड़ा पाप कोई नहीं है। किसी पवित्र स्थान पर गलत काम करना और लाखों श्रद्धालुओं के विश्वास को धोखा देना अस्वीकार्य है।"उन्होंने कहा कि कथित हेराफेरी ने भक्तों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है और इस बात पर ज़ोर दिया कि पूजा-स्थल आस्था, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के प्रतीक बने रहने चाहिये।
केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस मामले को हल्के में नहीं लिया जायेगा और संबंधित अधिकारी इसकी गहन जांच करेंगे तथा यह सुनिश्चित करेंगे कि दोषियों को सजा मिले। उन्होंने कहा, "दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। जो भी इसमें शामिल पाया जायेगा, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जायेगी।"श्री सोमन्ना ने निजी फायदे के लिए धार्मिक संस्थानों का इस्तेमाल करने के खिलाफ भी चेतावनी दी और कहा कि श्रद्धालुओं के चढ़ावे का गलत इस्तेमाल करने की कोई भी कोशिश जनता के भरोसे के साथ गंभीर विश्वासघात है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित