मथुरा , अगस्त 22 -- केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने शनिवार को कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और विपक्ष पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। साथ ही अखिलेश यादव के 'पीडीए' संबंधी बयान पर भी पलटवार किया।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्री वर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम का उल्लेख करते हुए कहा कि 'वंदे मातरम' वह महामंत्र है, जिसे गाते हुए देश के असंख्य वीरों ने अपना बलिदान दिया और फांसी के फंदे को चूमा। उन्होंने कहा कि सदन में पूरी संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए राष्ट्रगीत के पूर्ण गायन से जुड़ा कदम उठाया गया है, इसके बावजूद कांग्रेस लगातार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता कांग्रेस के इस रुख को कभी माफ नहीं करेगी।

अखिलेश यादव के भाजपा और 'पीडीए' को लेकर दिए गए बयानों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सपा अध्यक्ष को स्पष्ट करना चाहिए कि उनके लिए 'पी' का वास्तविक अर्थ क्या है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव कभी 'पी' का अर्थ पिछड़ा बताते हैं तो कभी पंडित कहते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या उन्हें 'पी' से पाकिस्तान नजर आता है। श्री वर्मा ने कहा कि पाकिस्तान से अखिलेश यादव का जुड़ाव समझ से परे है और दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले उन्हें अपने ही बनाए 'पीडीए' के अर्थ को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित