रायपुर , सितम्बर 22 -- केंद्रीय कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन की अध्यक्षता में मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई जिसमें केंद्र सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं, बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और केंद्रीय टास्क फोर्स से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन से बैठक में हिस्सा लिया और राज्य में संचालित प्रमुख केंद्रीय परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया।
बैठक में राजमार्ग, रेलवे लाइन, विद्युत पारेषण और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। राज्यों को केंद्रीय योजनाओं के तहत प्राप्त राशि का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने और उपयोगिता प्रमाण-पत्र केंद्र सरकार को शीघ्र भेजने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा करने को लेकर भी चर्चा हुई। केंद्रीय टास्क फोर्स की बैठक में केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्यों में विभागीय योजनाओं की प्रगति के संबंध में मुख्य सचिवों से जानकारी ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित