रायपुर , फरवरी 06 -- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा 7 फरवरी से शुरू हो रहा है। वे 9 फरवरी तक राज्य में प्रवास करेंगे। इस दौरान आंतरिक सुरक्षा, वामपंथी उग्रवाद की स्थिति, विकास कार्यों की समीक्षा और सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी भागीदारी प्रस्तावित है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री अमित शाह 7 फरवरी की शाम लगभग 7 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे अपने निर्धारित प्रवास स्थल जाएंगे। इसके पश्चात रात करीब 8 बजे राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे।
बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों और केंद्र तथा राज्य सरकार के बीच समन्वय से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसमें आंतरिक सुरक्षा को लेकर वर्तमान हालात की विस्तृत समीक्षा किए जाने की संभावना है।
आठ फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य शासन के शीर्ष अफसर, पुलिस महानिदेशक सहित सीआरपीएफ ,बीएसएफ,आईटीबीवी़ और अन्य केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संचालित सुरक्षा अभियानों की प्रगति, बलों की रणनीति, खुफिया सूचनाओं की स्थिति और जमीनी स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही नक्सलवाद के खिलाफ आगे की रणनीति को लेकर भी मंथन किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री राज्य सरकार के साथ केंद्र प्रायोजित योजनाओं और विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा कर सकते हैं। विशेष रूप से बस्तर सहित नक्सल प्रभावित इलाकों में सड़क, संचार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित