भरतपुर , जुलाई 16 -- राजस्थान के धौलपुर में गुरुवार को केन्द्रीय अधिकार प्राप्त समिति ने प्रतिबंधित चम्बल बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिये निगरानी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

प्रशासनिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि समिति ने कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक करके अधिकारियों को निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाये रखने के निर्देश दिये।

केन्द्रीय अधिकार प्राप्त समिति के अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश गोयल एवं सदस्य अंजन मोहन्ती ने अभय कमांड एवं नियंत्रण कक्ष का भ्रमण करके जिले में स्थापित सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क, संवेदनशील मार्गों एवं जांच चौकियों वास्तविक समय में निगरानी और अवैध बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए अपनायी जा रही तकनीकी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने समिति को बताया है कि जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत कठोर एवं निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव, उप वन संरक्षक (डीएफओ) वी. चेतन, आशीष व्यास सहित खनिज विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित