रायपुर , सितंबर 07 -- न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र ने सोमवार को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम् में आयोजित समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति महापात्र छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 16वें मुख्य न्यायाधीश हैं।
शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल डेका ने मुख्य न्यायाधीश महापात्र को राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति सौंपी और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इससे पहले न्यायमूर्ति महापात्र ओडिशा उच्च न्यायालय में वरिष्ठ न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा तथा विधायक सुनील सोनी और अनुज शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश महापात्र की पत्नी अनिता महापात्र और छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश भी उपस्थित थे। मुख्य सचिव विकास शील ने समारोह का संचालन किया और राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया।
समारोह में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव गृह निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, महाधिवक्ता विवेक शर्मा और उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं अधिवक्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित