चंडीगढ़ , अक्टूबर 17 -- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शनिवार को रोहतक स्थित अर्पण बौद्धिक बाल संस्थान और श्रवण मानसिक विकलांग वयस्क केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विशेष जरूरतों वाले बच्चों एवं वयस्कों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं और देखभाल सेवाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी. अनुपमा और निदेशक मुकुल कुमार भी मौजूद रहे।
मंत्री ने संस्थानों के क्लासरूम, फिजियोथेरेपी यूनिट और वोकेशनल लैब का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी गतिविधियों और प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली। बच्चों द्वारा बनाई गई ड्राइंग, कार्ड और अन्य उत्पादों को देखकर उन्होंने उनकी रचनात्मक प्रतिभा और मेहनत की सराहना की।
संस्थानों में व्यावसायिक प्रशिक्षण के तहत विशेष जरूरतों वाले बच्चे डोना, दीये, मोमबत्तियां, वाइपर, फुटवियर, टी-शर्ट, बोतलें और प्रिंटिंग से संबंधित सामग्री सहित कई उपयोगी उत्पाद तैयार कर रहे हैं। मंत्री ने आमजन से इन उत्पादों को खरीदने की अपील करते हुए कहा कि इससे बच्चों का उत्साह बढ़ेगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
श्री बेदी ने संस्थानों में हो रही प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि टेकओवर के बाद व्यवस्थाओं में काफी सुधार हुआ है। सरकार का उद्देश्य विशेष जरूरतों वाले बच्चों और वयस्कों को बेहतर देखभाल, आवश्यक सुविधाएं और कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना है। उन्होंने संस्थानों को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही, ताकि यहां रहने वाले बच्चों एवं वयस्कों को अपनी क्षमताएं विकसित करने और आत्मनिर्भर बनने के अधिक अवसर मिल सकें।
इस अवसर पर अर्पण संस्थान की प्रभारी नीलम कटारिया, जिला कल्याण अधिकारी रेणु सिसोदिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. सुमन मदान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित