पटना , अगस्त 18 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दिल्ली में आयोजित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् (आईसीएआर ) की 97वीं वार्षिक आम बैठक में कहा कि बिहार सरकार कृषि शिक्षा प्राप्त युवाओं को कृषि क्षेत्र में उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है और इसमें गति लाने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग की आवश्यकता है।

बिहार सरकार कृषि विभाग से जारी सुचना के अनुसार श्री सिन्हा आज नई दिल्ली में आयोजित बैठक में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ शामिल हुए और कृषि अनुसंधान, आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक खेती, बीज उत्पादन, किसानों की आय में वृद्धि तथा कृषि क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी सहित बिहार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।

कृषि मंत्री श्री सिन्हा ने इस बैठक में बिहार की कृषि परिस्थितियों और किसानों की आवश्यकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य की समृद्ध कृषि क्षमता को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान, प्रसंस्करण एवं कृषि निर्यात से जोड़कर किसानों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।बिहार में कम वर्षा की स्थिति के बावजूद 93 प्रतिशत से अधिक धान रोपणी का कार्य पूरा हो चुका है और निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित