बैतूल , अगस्त 31 -- मध्य प्रदेश में कृषि विभाग के मैदानी अमले की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को 15वें दिन भी जारी रही। बैतूल जिले के कृषि विस्तार अधिकारी और कृषि विकास अधिकारी 17 अगस्त से विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। आज जिले के अलग-अलग विकासखंडों से अधिकारी जिला मुख्यालय पहुंचे और उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास कार्यालय परिसर में धरना दिया।
मध्य प्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ की बैतूल जिला इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में पदस्थ अधिकारी अपने नियमित कार्यालयीन दायित्वों से अलग रहकर आंदोलन में शामिल हैं। प्रतिदिन अधिकारी जिला मुख्यालय स्थित कृषि विभाग के कार्यालय परिसर में एकत्र होकर धरना दे रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और शासन स्तर से अब तक कोई ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। उनका कहना है कि जब तक मांगों का निराकरण नहीं होता, तब तक अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के 15 दिन पूरे होने के बावजूद समाधान नहीं होने से अधिकारियों में नाराजगी बनी हुई है। उनका कहना है कि कृषि विस्तार अधिकारी और कृषि विकास अधिकारी किसानों तक शासन की कृषि योजनाओं की जानकारी पहुंचाने, फसल संबंधी मैदानी कार्यों तथा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अधिकारियों के लगातार आंदोलन पर रहने से कृषि विभाग के मैदानी स्तर के कार्य प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। सितंबर शुरू होने के बावजूद हड़ताल खत्म होने के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित