श्रीगंगानगर , फरवरी 23 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला शहर के बस अड्डे से कृषि विश्वविद्यालय बीकानेर की चार हजार खाली उत्तर पुस्तिकाएं चोरी होने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गोलूवाला के नजदीक चक 28-जेआरके में स्थित सरदार भगतसिंह कृषि महाविद्यालय के एक व्याख्याता विकास (35) ने उत्तर पुस्तिकायें चोरी होने का मामला दर्ज कराया है। इसकी जांच सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार द्वारा की जा रही है।

उत्तर पुस्तिकाएं चोरी कर ले जाने वाले अज्ञात व्यक्ति का पता लगाने के लिए पुलिस बस अड्डा और इसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।

विकास ने पुलिस को बताया कि बीकानेर में कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा उनके भगतसिंह कृषि महाविद्यालय में वार्षिक परीक्षाओं के लिए खाली उत्तर पुस्तिकाओं का बंडल 20 फरवरी को बस द्वारा भेजा गया था। बंडल में चार हजार उत्तर पुस्तिकाएं थीं। उसी दिन शाम को बस के गोलूवाला अड्डे पर पहुंचने पर उन्होंने बंडल उतार लिया। बंडल वहीं पास में रखा था कि कुछ ही देर में चोरी हो गया। पुलिस ने बताया कि अब तक चोर का पता नहीं चला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित