बैतूल , जून 20 -- मध्यप्रदेश में कृषि विभाग ने किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए भैंसदेही क्षेत्र में कृषि आदान प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

नवागत उपसंचालक कृषि आर.जी. रजक के नेतृत्व में जिला स्तरीय दल ने राठौड़ कृषि सेवा केंद्र और बालाजी ट्रेडर्स के दुकान एवं गोदाम की जांच की। निरीक्षण के दौरान बालाजी ट्रेडर्स में उर्वरक एवं अन्य कृषि आदानों के भंडारण और विक्रय संबंधी गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से प्रतिष्ठान के उर्वरकों की बिक्री पर रोक लगा दी है। साथ ही संचालक को कड़ी चेतावनी देते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।

जांच के दौरान विभागीय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से बीज और उर्वरक के नमूने भी एकत्र किए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, ताकि किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

श्री आर.जी. रजक ने कहा कि किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज और उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि आदानों की गुणवत्ता, भंडारण और विक्रय संबंधी नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा तथा कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिलेभर में ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। कृषि विभाग की इस कार्रवाई से कृषि आदान कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित