जयपुर , अक्टूबर 12 -- राजस्थान कृषि विभाग में लगभग 165 अधिकारियों एवं कार्मिकों को पदोन्नति प्रदान की गयी है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विभाग में अधिकारियों एवं कार्मिकों की पदोन्नति प्रक्रिया को गति देते हुए राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर में कृषि विभाग की समीक्षा, डेफर एवं नियमित विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित कर उसमें विभिन्न संवर्गों के अधिकारियों एवं कार्मिकों की पदोन्नति के प्रकरणों पर विचार-विमर्श कर यह पदोन्नति दी गई।
इस दौरान वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक से सहायक कृषि अधिकारी के पद पर नॉन-टीएसपी एवं टीएसपी क्षेत्र के कार्मिकों की पदोन्नति के प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया।
विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया से पात्र कार्मिकों को उच्च पदों पर कार्य करने का अवसर मिलने के साथ ही कृषि विभाग की प्रशासनिक एवं कार्यगत दक्षता को और अधिक मजबूती मिलेगी। साथ ही विभागीय योजनाओं एवं किसान कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को भी गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित