श्रावस्ती , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में विकास भवन स्थित कृषि विभाग कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ सहायक सुनील मौर्या को कथित रूप से 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार कृषि विभाग में पूर्व में तैनात रहे महेंद्र प्रताप ने आरोप लगाया था कि उनके वेतन संबंधी प्रकरण के निस्तारण के बदले 5000 रुपये की अवैध धनराशि की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने पर उत्तर प्रदेश एंटी करप्शन संगठन की टीम ने मामले का सत्यापन किया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।

मंगलवार को विकास भवन स्थित कार्यालय में जैसे ही आरोपी कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से 5000 रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए साथ ले जाया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद विकास भवन परिसर में मौजूद अन्य कर्मचारियों में भी हलचल देखी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित