पटना , फरवरी 18 -- बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कृषि रोड मैप के माध्यम से राज्य में उत्पादन, उत्पादकता एवं किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

श्री यादव ने आज यहां सूचना एवं जन-संपर्क विभाग, सूचना भवन स्थित संवाद कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं, नवाचार आधारित पहलों तथा किसानों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की विस्तृत जानकारी साझा की।

श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार कृषि क्षेत्र को सशक्त, आधुनिक एवं लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में कृषि रोड मैप के माध्यम से राज्य में उत्पादन, उत्पादकता एवं किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि बीज, उर्वरक, सिंचाई सुविधाएँ, आधुनिक कृषि यंत्र, डिजिटल सेवाएँ एवं विभिन्न सहायता योजनाओं को प्रभावी ढंग से किसानों तक पहुँचाया गया है।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में सरकार का स्पष्ट संकल्प है। उन्होंने कहा कि कृषि को लाभकारी, आधुनिक और सम्मानजनक पेशा बनाना,छोटे एवं सीमांत किसानों को विकास की मुख्यधारा में लाना तथा उनकी आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानती है। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए टिकाऊ एवं स्मार्ट खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। फसल विविधीकरण, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, बेहतर बाजार व्यवस्था एवं कृषि आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

श्री यादव ने बताया कि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुँचे, इसके लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) एवं डिजिटल प्रणाली को मजबूत किया गया है तथा पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार एवं बिचौलिया व्यवस्था पर सख्त नियंत्रण सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि "समृद्ध किसान विकसित बिहार" सरकार का लक्ष्य है और इसी दिशा में कृषि विभाग निरंतर कार्य कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित