लखनऊ , जुलाई 9 -- उत्तर प्रदेश को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट नीतिगत नेतृत्व के लिए प्रतिष्ठित 17वां एग्रीकल्चर लीडरशिप अवॉर्ड-2026 प्रदान किया गया है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में यह सम्मान प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को प्रदान किया। एग्रीकल्चर टुडे ग्रुप द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे गुजरात के कृषि मंत्री जीतूभाई वघानी और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश सदाशिवम भी उपस्थित थे।

पुरस्कार स्वीकार करने के बाद कृषि मंत्री शाही ने कहा कि यह सम्मान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 2017 में योगी सरकार बनने के बाद पिछले नौ वर्ष कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलताओं के वर्ष रहे हैं। उत्तर प्रदेश आज कृषि में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

श्री शाही ने कहा कि 2017 से पहले राज्य में किसान संकट में थे। योगी सरकार के गठन के बाद 86 लाख किसानों का 36,000 करोड़ रुपये का कृषि ऋण माफ किया गया। इसके परिणामस्वरूप राज्य का खाद्यान्न उत्पादन 543 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 750 लाख मीट्रिक टन हो गया है। देश के कुल उत्पादन में उत्तर प्रदेश का योगदान 22 प्रतिशत है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश अब दूध, सब्जी और फल उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है। शहद, अंडा और मछली उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की वृद्धि दर 7.5 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गई है।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में निर्णय लिया है कि वह किसानों के पशुओं का बीमा कराएगी। इसमें किसान को केवल 15 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा, जबकि 35 प्रतिशत केंद्र सरकार और शेष राशि राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अगले चार वर्षों में उत्तर प्रदेश की कृषि उत्पादकता को पंजाब और हरियाणा के स्तर तक ले जाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित