जयपुर , मार्च 12 -- राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) को आने वाले समय में किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा है कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से कृषि क्षेत्र में नयी क्रांति लाई जा सकती है।

डॉ बैरवा श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय की अधीनस्थ इकाई राजस्थान कृषि अनुसंधान संस्थान, दुर्गापुरा में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में एआई विषय पर आयोजित एआई समिट समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि को अधिक वैज्ञानिक, आधुनिक और लाभकारी बनाने के लिए तकनीकी नवाचारों को अपनाना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि एआई तकनीक के माध्यम से फसलों की बीमारियों की पहचान, मौसम का सटीक पूर्वानुमान, मृदा गुणवत्ता का विश्लेषण तथा सिंचाई प्रबंधन जैसे कार्य अधिक प्रभावी और सटीक ढंग से किए जा सकते हैं। इससे किसानों को समय पर सही निर्णय लेने में सहायता मिलेगी, जिससे उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ लागत में भी कमी आएगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रोन तकनीक, स्मार्ट सेंसर तथा डेटा आधारित विश्लेषण के माध्यम से खेतों की निगरानी अब संभव हो गई है। इन तकनीकों से मिट्टी की नमी, पोषक तत्वों की स्थिति और फसल की वृद्धि का आकलन किया जा सकता है, जिससे किसान उर्वरक, सिंचाई और कीटनाशकों का उपयोग आवश्यकता के अनुसार कर सकेंगे। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ कृषि उत्पादन की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।

उन्होंने वैज्ञानिकों और कृषि विशेषज्ञों का आह्वान किया कि वे ऐसी तकनीकों का विकास करें जो सीधे किसानों तक पहुंचे और उन्हें सरल एवं व्यावहारिक रूप में उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक बनाने के लिए नवाचारों तथा नई तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि कृषि क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग भविष्य की खेती को अधिक वैज्ञानिक, सटीक और लाभकारी बनाएगा। एआई आधारित तकनीकों के माध्यम से फसल प्रबंधन, मौसम पूर्वानुमान, मृदा विश्लेषण तथा रोग-कीट पहचान जैसे कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे। उन्होंने वैज्ञानिकों से आग्रह किया कि वे ऐसी एआई तकनीकों का विकास करें जो किसानों के लिए सरल, सुलभ और व्यावहारिक हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित