भागलपुर , मार्च 17 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने मंगलवार को बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर, भागलपुर में "दलहन एवं तिलहन उत्पादन में वृद्धि द्वारा पोषण एवं खाद्य सुरक्षा" विषय पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय किसान सम्मेलन-सह-किसान मेला 2026 का उद्घाटन किया।

यह मेला 18 मार्च, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेती-किसानी को नई सोच, नई ताकत और नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि, प्राकृतिक खेती, श्रीअन्न को बढ़ावा, डिजिटल कृषि, आधुनिक तकनीक और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में लगातार ठोस काम हो रहा है। बिहार में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में किसानों के हित में निरंतर कार्य हो रहा है।

श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि किसान के खेत तक उन्नत बीज, सिंचाई, तकनीक एवं सही सलाह पहुँचे और उनकी उपज का उचित मूल्य भी मिले। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर इस दिशा में अत्यंत सराहनीय कार्य कर रहा है। लैब टू लैंड की सोच को जमीन पर उतारते हुए विश्वविद्यालय ने वैज्ञानिक अनुसंधान को खेत तक पहुँचाने का सफल प्रयास किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित