पटना , सितंबर 29 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य में बाढ़ एवं अत्यधिक वर्षापात से प्रभावित किसानों की सहायता के लिए केंद्र सरकार से विशेष पैकेज एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की है।

श्री सिन्हा ने रबी महाभियान के अवसर पर आज कहा कि राज्य के 18 जिलों, 84 प्रखंडों एवं 653 पंचायतों में बाढ़ और अत्यधिक वर्षापात से फसलों को नुकसान हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों के किसानों को रबी मौसम में राई, सरसों एवं मटर के बीज निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि कम वर्षा वाले क्षेत्रों में श्री अन्न की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा।

कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार की कृषि परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं। इसलिए केंद्र की योजनाओं में राज्य की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप छूट देने और विशेष कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता है।

उन्होंने किसानों को उचित मूल्य पर समय से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कंपनियों द्वारा एफओआर(फ्रेट ऑन रोड) के तहत खुदरा विक्रेताओं तक आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

श्री सिन्हा ने कहा कि रबी महाभियान का उद्देश्य उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय में वृद्धि करना है। इसके लिए दलहन, तिलहन, मखाना, मशरूम, मसाले एवं बागवानी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने गुणवत्तापूर्ण बीजों की उपलब्धता, संकर मक्का बीज उत्पादन के लिए उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना, कृषि बाजारों को राष्ट्रीय कृषि बाजार से जोड़ने तथा भंडारण, शीत शृंखला एवं प्रसंस्करण सुविधाओं के विस्तार में केंद्र से सहयोग मांगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित