अलवर , अप्रैल 07 -- राजस्थान के अलवर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की चौकी भिवाडी ने मंगलवार को फव्वारा पाइपलाइन के अनुदान की पत्रावली स्वीकृत करने के नाम पर 1000 रुपये की रिश्वत लेते हुए एक कृषि पर्यवेक्षक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की भिवाडी चौकी को एक शिकायत परिवादी से इस आशय की मिली कि वह अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों की फव्वारा पाईप लाईन के अनुदान के लिए राजस्थान किसान पोर्टल पर पत्रावली लगाने पर कर्मचारी रामस्वरूप कृषि परिवेक्षक ग्राम पंचायत सिहाली खुर्द, तहसील मुण्डावर जिला खैरथल तिजारा ने उक्त पत्रावलियों को स्वीकृत करवाने के लिए 2,000 रूपये फोन-पे के जरिये लेना व 2500/- रूपये की रिश्वत की और मांग कर परेशान किया जा रहा है। यह सौदा डेढ़ हजार रुपए में तय हुआ। छह अप्रैल को एसीबी ने 500 रुपये रिश्वत देकर शिकायत का सत्यापन कराया। आज ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

ए.सी.बी. चौकी भिवाडी के प्रभारी परमेश्वर लाल उप अधीक्षक पुलिस टीएलओ द्वारा ट्रेप कार्रवाई करते हुए आरोपी रामस्वरूप कृषि परिवेक्षक ग्राम पंचायत सिहाली खुर्द, तहसील मुण्डावर जिला खैरथल तिजारा को परिवादी से शेष राशि 1000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित