समस्तीपुर , अप्रैल 09 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के अधीनस्थ बिरौली कृषि विज्ञान केन्द्र एवं बोरलाग इंस्टीट्यूट फॉर साउथ एशिया (बीसा) के संयुक्त तत्वावधान में गुरूवार को जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम के तहत एक महत्वपूर्ण प्रक्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में कृषि निदेशालय, पटना के उप निदेशक(अभियंत्रण) अजय कुमार झा तथा सहायक निदेशक(अभियंत्रण) अमित कुमार ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बीसा के डॉ.राजकुमार जाट एवं कृषि विज्ञान केंद्र, बिरौली के प्रमुख सह वैज्ञानिक डॉ. आर.के. तिवारी के नेतृत्व में समस्तीपुर जिले के चयनित गांव लदौरा, दिघरा एवं निकसपुर समेत अन्य गांवों का भ्रमण किया गया।
इस दौरान वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों ने खेतों का निरीक्षण कर जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों के प्रभाव का आकलन किया। भ्रमण के क्रम में किसानों के साथ विस्तृत संवाद स्थापित किया गया, जिसमें उन्हें बदलती जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप खेती की उन्नत तकनीकों, संसाधन संरक्षण उपायों तथा कृषि यंत्रीकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। किसानों ने भी अपनी समस्याओं एवं अनुभवों को साझा किया, जिस पर विशेषज्ञों ने व्यवहारिक सुझाव प्रदान किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित