श्रीगंगानगर , मार्च 06 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर उपखंड क्षेत्र में कृषि जिंसों की सरकारी खरीद के लिए केंद्र स्थापित करने को मंजूरी प्रदान की गयी है। पाकिस्तान सीमा के नजदीक गांव लखाहाकम में यह खरीद केंद्र क्रय-विक्रय सहकारी समिति रायसिंहनगर के तहत संचालित होगा।

रायसिंहनगर क्रय विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष राकेश ठोलिया ने शुक्रवार को बताया कि समिति के कार्यक्षेत्र में पहले से समेजा कोठी, भादवावाला और गौण मंडी रायसिंहनगर में खरीद केंद्र संचालित हो रहे थे, लेकिन पहली बार सीमावर्ती क्षेत्र लखाहकम में भी खरीद केंद्र की शुरुआत की गयी है।

उन्होंने बताया कि लखा हाकम सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां के किसानों को अपनी सरसों और चना की उपज बेचने के लिए पहले दूर-दराज के खरीद केंद्रों तक जाना पड़ता था। किसानों को समय, परिवहन खर्च और अन्य कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर खरीद केंद्र शुरू होने से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित