अलवर , फरवरी 20 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के रीको औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी में स्थित ऐकाक्ष पॉलिमर्स में कृषि विभाग के दल ने निरीक्षण करके 195 कट्टे यूरिया जब्त किये।

खैरथल-तिजारा के संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) पीसी मीणा ने शु्क्रवार को बताया कि फैक्ट्री द्वारा कृषि ग्रेड के यूरिया के उपयोग की शिकायत प्राप्त होने पर यह कार्रवाई की गई। सहायक निदेशक कृषि (मुख्यालय) पवन यादव एवं कृषि अधिकारी (सामान्य) पूरण यादव ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री परिसर में रखे 195 कट्टे यूरिया संदिग्ध प्रतीत होने पर जब्त कर लिया गया और मौके पर ही उनके नमूने लिए गए।

उन्होंने बताया कि जब्त किए गए नमूनों को परीक्षण के लिये प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच में यूरिया कृषि ग्रेड का पाया जाता है, तो संबंधित फैक्ट्री मालिक के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित