अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ तकनीकी एवं वैज्ञानिक सहयोग के माध्यम से बिहार में कृषि के नए अवसर पैदा किये जायेंगेपटना , अगस्त 11 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ तकनीकी एवं वैज्ञानिक सहयोग के माध्यम से बिहार में कृषि के क्षेत्र में नए अवसर पैदा किये जायेंगे।

श्री सिन्हा ने इस उद्देश्य से आज बिहार में कृषि क्षेत्र को नई तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार से जोड़ने के लिये प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल एवं निदेशक, उद्यान-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य बागवानी मिशन/बिहार फल एवं सब्जी विकास निगम अभिषेक कुमार के साथ हैदराबाद के पटनचेरु स्थित अंतर्राष्ट्रीय अर्ध-शुष्क उष्णकटिबंधीय फसल अनुसंधान संस्थान (आईसीआरआईएसएटी ) का भ्रमण किया।

इस दौरान उन्होंने आईसीआरआईएसएटी के वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों के साथ बिहार में कृषि विकास की वैल्यू चेन परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। आईसीआरआईएसएटी जीनबैंक के प्रमुख डॉ. कुलदीप सिंह ने परियोजना के अंतर्गत अब तक हुई प्रगति तथा बिहार में मिलेट्स आधारित मूल्य शृंखला के विकास एवं सुदृढ़ीकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

मंत्री ने कहा कि बिहार में कृषि की नई संभावनाओं को किसानों की समृद्धि से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। आधुनिक अनुसंधान, उन्नत तकनीक और वैज्ञानिक शोध को खेतों तक पहुंचाकर कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के साथ किसानों की आय और आजीविका को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आईसीआरआईएसएटी जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ तकनीकी एवं वैज्ञानिक सहयोग बिहार में कृषि के क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित