पटना , जून 29 -- बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने सोमवार को कहा कि कृषि और सहकारिता से विकसित बिहार का सपना पूरा होगा। सहकारिता मंत्री श्री यादव ने आज यहां भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार का सहकारिता विभाग राष्ट्रीय सहकारी नीति-2025 के तर्ज पर बिहार सहकारिता नीति-2026 को जल्द लागू करने वाला है। उन्होंने कहा कि बिहार को 2047 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का रास्ता कृषि और सहकारिता क्षेत्र से होकर ही जाएगा। इसके लिए सहकारी समितियों का मजबूत तंत्र तैयार करना होगा।

श्री यादव ने कहा कि भारत में सहकारिता की अवधारणा राष्ट्रीय चेतना में रची-बसी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 06 जुलाई 2021 को अलग से सहकारिता मंत्रालय का गठन किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में एक आधुनिक सहकारिता नीति लाई गई है।प्रधानमंत्री श्री मोदी के आह्वान पर 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया है। इसके लिए बिहार को भी 2047 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना होगा।

मंत्री श्री यादव ने कहा कि बिहार के पास आज युवाओं की बड़ी आबादी है। हमें अपनी नई नौजवान पीढ़ी को उनके घर के पास रोजगार देना है और पलायन को रोकना है। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र में ग्रामीण इलाकों में लाखों नए रोजगार सृजित करने की असीम संभावनाएं हैं। सहकारिता में इतनी क्षमता है कि वह प्रत्येक पंचायत को आर्थिक पावर हाउस बना सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित