जालौन , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में सोमवार को आयोजित कृषि एवं कृषि से सम्बद्ध विभागों की समीक्षा बैठक में कृषक समृद्धि आयोग के प्रभारी एवं र्जा प्राप्त राज्यमंत्री कुलजीत सिंह ने जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति का गहन अवलोकन किया।
बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो रहा है, जिससे पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ मिल रहा है।
राज्यमंत्री ने सहकारिता, पशुधन, मत्स्य, उद्यान, रेशम, ऊर्जा, सिंचाई, लघु सिंचाई, वन तथा खाद्य एवं रसद विभाग की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा कर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय वृद्धि और आत्मनिर्भरता के लिए इन विभागों की योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और जनपद में इनका कार्यान्वयन एक सकारात्मक उदाहरण बन रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखते हुए अधिक से अधिक किसानों तक लाभ पहुंचाया जाए। साथ ही विभागीय समन्वय को मजबूत करते हुए कृषि क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित