मुंबई , मार्च 24 -- बॉलीवुड अभिनेत्री कृतिका कामरा ने हाल ही में अपने लुक से अपनी आने वाली सीरीज मटका किंग के किरदार की हल्की झलक दी।
कृतिका कामरा ने हाल ही में अमेज़ॉन के नए प्रोजेक्ट्स के लॉन्च इवेंट में अपनी मौजूदगी से सभी का ध्यान खींचा।कृतिका ने इस मौके पर पारंपरिक पारसी गारा साड़ी पहनी थी, जिससे यह साफ इशारा मिला कि वह शो में किस तरह के किरदार में नजर आने वाली हैं। मटका किंग के टीज़र में भी कृतिका एक पारसी लड़की का किरदार निभाती दिखी थीं, और इवेंट में उनका यह लुक उसी से मेल खाता हुआ नजर आया।
कृतिका अपने काम में बारीकियों पर ध्यान देने के लिए जानी जाती हैं, और इस बार भी उन्होंने अपने किरदार से जुड़ने के लिए फैशन का सहारा लिया। तस्वीर में वह काले रंग की खूबसूरत गारा साड़ी में नजर आ रही हैं, जिस पर हल्की फ्लोरल कढ़ाई की गई है। इसके साथ उन्होंने पर्ल चोकर और मैचिंग ईयररिंग्स पहने हैं। उनका हेयरस्टाइल सादा लो बन में है और मेकअप भी हल्का रखा गया है, जिसमें विंग्ड आईलाइनर उनके लुक को एक रेट्रो टच देता है।
इस बीच, कृतिका कमरा एक छोटे ब्रेक के बाद फिर से काम पर लौट आई हैं और अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू कर चुकी हैं। साथ ही वह मटका किंग के प्रमोशन में भी सक्रिय रूप से नज़र आएंगी, जो जल्द ही रिलीज होने वाली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित