भोपाल , फरवरी 7 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्योपुर स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता परिवार में पांच शावकों के जन्म पर हर्ष व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कूनो नेशनल पार्क में वन्य जीव संरक्षण के क्षेत्र में एक और अभूतपूर्व उपलब्धि दर्ज की गई है। मादा चीता आशा द्वारा पांच स्वस्थ शावकों को जन्म देना भारत के चीता पुनर्स्थापन अभियान को नई मजबूती प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि इस उपलब्धि के साथ अब भारत में जन्मे चीतों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है, जबकि कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों की कुल संख्या 35 तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि यह सफलता मध्यप्रदेश को देश में वन्य जीव संरक्षण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करती है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय समर्पित वन अमले और पशु चिकित्सकों को देते हुए कहा कि उनकी सतत निगरानी, वैज्ञानिक प्रबंधन और अथक परिश्रम के कारण यह संभव हो सका है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में हो रहा यह सकारात्मक विकास भारत की जैव-विविधता संरक्षण यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित