नयी दिल्ली , फरवरी 18 -- मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध वन्यजीव अभयारण्य कूनो नेशनल पार्क में तीन साल पहले भारत आए अफ्रीकी चीते ने तीन शावकों के जन्म दिया है और अब दक्षिण अफ्रीका से लाये गये चीतों की कुल संख्या बढ़कर 38 हो गयी है।
पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि कुनो में दक्षिण अफ्रीका से लाये गये चीते ने तीन शावकों ने काे जन्म दिया है। उन्होंने इस पर खुशी व्यक्त करते हुए शावकों का स्वागत किया और कहा कि दक्षिण अफ्रीका से चीतों के आगमन के तीन साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कूनो में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है।
उन्होंने लिखा "कूनो राष्ट्रीय उद्यान में उत्सव की गूंज सुनाई दे रही है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका से आई चीता, गामिनी, जो दूसरी बार मां बनी है, ने तीन नए शावकों को जन्म दिया है। यह खुशी भरा आगमन भारतीय धरती पर चीतों के नौवें सफल प्रसव का प्रतीक है और जीवित भारतीय शावकों की संख्या को 27 तक पहुंचाता है। इन नए शावकों के साथ, भारत में चीतों की कुल आबादी अब 38 हो गई है-जो देश के दृढ़ और ऐतिहासिक संरक्षण प्रयासों का एक सशक्त उदाहरण है।"श्री यादव ने आगे कहा "प्रत्येक जन्म प्रोजेक्ट चीता की नींव को मजबूत करता है और इस सपने को साकार करने वाले फील्ड स्टाफ और पशु चिकित्सा टीमों के जुनून, दृढ़ता और चौबीसों घंटे के समर्पण को दर्शाता है। कुनो और भारत के लिए यह गर्व का क्षण है-ईश्वर करे गामिनी और उसके तीनों नन्हे शावक मजबूत हों और देश में चीतों के पुनरुद्धार की कहानी को गति और गरिमा के साथ आगे बढ़ाएं। कूनो नेशनल पार्क में दूसरी बार मां बनी दक्षिण अफ्रीकी चीता गामिनी के इन तीन शावकों को जन्म दिया है। गामिनी इससे पहले मार्च 2024 में मां बनी और उसने छह शावकों को जन्म दिया था।
श्री यादव ने कहा कि इन नये शावकों के साथ, भारत में अफ्रीकी मूल के चीतों से पैदा हुए जीवित शावकों की संख्या बढ़कर 27 हो गयी है, जिससे भारत में चीतों की कुल संख्या 38 हो गयी है। इस महीने की शुरुआत में, सात फरवरी को, नामीबिया की चीता आशा ने कूनो में पांच शावकों को जन्म दिया, जिससे संख्या और बढ़ गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित