वाराणसी , जुलाई 23 -- वाराणसी में शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने अपने 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान के पांचवें दिन गुरुवार को बागेश्वरी देवी वार्ड का भ्रमण किया और विभिन्न नागरिक समस्याओं का निरीक्षण किया।

वार्ड भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर कूड़े के ढेर तथा बिना सुरक्षा कवच के खुले में रखे ट्रांसफॉर्मर देखकर विधायक ने नाराजगी जताई।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि शाम तक कूड़े के ढेर की सफाई कराई जाए तथा ट्रांसफॉर्मरों को शीघ्र जालियों से सुरक्षित कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने लटकते बिजली के तार, क्षतिग्रस्त एवं झुके हुए बिजली के पोल, गलियों में उखड़ी पटियों तथा दूषित पेयजल की समस्या से विधायक को अवगत कराया। इस पर डॉ. तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान विधायक ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया तथा पांच पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने मार्ग में मिले लोगों का कुशलक्षेम जाना और कई वरिष्ठ नागरिकों के आवास पर पहुंचकर उनसे एवं उनके परिजनों से मुलाकात की।

स्थानीय नागरिकों ने बागेश्वरी देवी मंदिर, गोपाल व्यायामशाला सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर टीन शेड लगाने की मांग भी रखी। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वार्ड प्रवास के दौरान उन्होंने जनचौपाल आयोजित कर स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित