भोपाल , मई 21 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गांधी नगर थाना पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि विक्रय अनुबंध कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस आयुक्त संजय सिंह और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर धोखाधड़ी के मामलों में कार्रवाई के तहत यह गिरफ्तारी की गई। पुलिस उपायुक्त आदर्शकांत शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मलकीत सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त अक्षय चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र मर्सकोले के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता शहनाज़ बेगम और फहद सिद्दीकी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी वैभव बब्बर ने गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित एयरोसिटी के जी-सेक्टर में प्लॉटों के फर्जी दस्तावेज दिखाकर विक्रय अनुबंध किए और बैंक तथा नकद माध्यम से राशि प्राप्त कर धोखाधड़ी की।
जांच के बाद पुलिस ने 12 जनवरी 2026 को आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 420, 465, 467 और 471 के तहत दो प्रकरण दर्ज किए। साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस ने 18 मई को आरोपी वैभव बब्बर (39) निवासी दानिश कुंज, कोलार रोड, भोपाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 19 मई को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी से धोखाधड़ी की राशि से किए गए निवेश संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना अवधपुरी में भी इसी प्रकार का एक मामला दर्ज है तथा उसके विरुद्ध न्यायालय में चेक बाउंस के कई प्रकरण लंबित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित