वाशिंगटन , जुलाई 28 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने कूटनीति को एक और मौका देने के लिए ईरान के खिलाफ सैन्य हमलों को रोकने का फैसला किया है। इसके साथ ही उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि सभी विकल्प मेज खुले हैं और यदि बातचीत विफल होती है तो अमेरिका जल्द ही व्यापक सैन्य कार्रवाई पर लौट आएगा।

श्री ट्रंप ने सोमवार को एक्सियोस से बातचीत में कहा कि जारी बातचीत होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर एक व्यापक समझौते पर फिर से वार्ता शुरू करने पर केंद्रित है। यह वार्ता मुख्य रूप से ईरान और ओमान द्वारा की जा रही है, जिसमें कतर, पाकिस्तान, मिस्र और ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ एवं जेरेड कुशनर भी शामिल हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "हम ईरान के साथ बहुत बातचीत कर रहे हैं। अगर यह सफल नहीं होती है, तो हम फिर से बहुत सख्त सैन्य कार्रवाई करेंगे।" यह पूछे जाने पर कि वह कूटनीति जारी रखने के लिए कितना समय देने को तैयार हैं, श्री ट्रंप ने जवाब दिया, "ज्यादा समय नहीं। या तो यह तेजी से आगे बढ़ेगा या बिल्कुल नहीं।" अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मध्यस्थों और क्षेत्रीय सरकारों द्वारा बातचीत को एक और मौका देने के आग्रह के बाद वह शुक्रवार को सैन्य अभियानों को निलंबित करने पर सहमत हुए। उन्होंने कहा, "ईरान से जुड़े सभी लोगों ने मुझसे कहा 'हमला मत कीजिए'।"अपने फैसले की व्याख्या करते हुए श्री ट्रंप ने कहा, "कुछ खोया नहीं, कुछ पाया नहीं।" उन्होंने ध्यान दिलाया कि सैन्य कार्रवाइयों के रुकने के बाद तेल की कीमतों में गिरावट आई है और शेयर बाजार में तेजी आई है। रिपोर्ट के अनुसार, श्री ट्रंप ने वरिष्ठ सैन्य कमांडरों और सलाहकारों के साथ एक बैठक के बाद इस विराम को मंजूरी दी, जिन्होंने उनके सामने संशोधित योजनाएं पेश की थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित