मुंगेली , जून 19 -- छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के सरगांव क्षेत्र स्थित रामबोड़ के कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में रखरखाव कार्य के दौरान हुए हादसे में तीन कर्मचारी आंशिक रूप से झुलस गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत सामान्य और स्थिर बनी हुयी है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब सात बजे प्लांट में कीलन डिस्चार्ज गेट जाम हो जाने के कारण उसका रखरखाव कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान गेट अचानक खुल गया, जिससे अंदर मौजूद गर्म स्पंज आयरन तेज गति से बाहर निकल आया और वहां कार्यरत कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। पुलिस ने इस दुर्घटना की सूचना शुक्रवार को मीडिया को दी।

हादसे में घायल कर्मचारियों की पहचान अमित कुमार निवासी जिला औरंगाबाद, बिहार, योगेश मीणा निवासी जिला होशंगाबाद, मध्य प्रदेश तथा अमरेश दत्ता निवासी जिला बालेश्वर, ओडिशा के रूप में हुई है। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कर सभी घायलों को अपोलो अस्पताल पहुंचाया। इनमें से अमित कुमार को बेहतर उपचार के लिए कालड़ा अस्पताल, रायपुर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। प्रशासन ने बताया कि घायलों के उपचार और आवश्यक सहायता की लगातार निगरानी की जा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि रामबोड़ स्थित कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट पूर्व में भी एक बड़े औद्योगिक हादसे के कारण चर्चा में रहा है। पिछले साल नौ जनवरी को प्लांट परिसर में स्थित एक साइलो के ढह जाने से कई श्रमिक मलबे में दब गए थे। प्रारंभिक जानकारी में एक श्रमिक की मृत्यु तथा कई लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी। बाद में चले बचाव अभियान के दौरान मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने कथित लापरवाही के आरोप में प्लांट प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित