जालौन , मई 25 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के डकोर कोतवाली क्षेत्र स्थित कुसमिलिया गांव में सोमवार को भीषण अग्निकांड में करीब 25 घर जलकर राख हो गए। आग लगने से लाखों रुपये मूल्य का अनाज, भूसा, कपड़े, फर्नीचर और अन्य गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गांव में घूरे से उठी एक चिंगारी तेज हवा के कारण फैल गई और देखते ही देखते आसपास के कच्चे एवं छप्पर वाले मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को सामान निकालने तक का अवसर नहीं मिला।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के कारण लपटें लगातार फैलती रहीं। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उप जिलाधिकारी उरई ज्योति सिंह ने बताया कि इस अग्निकांड में लगभग 25 परिवार प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण घूरे पर छोड़ी गई जलती आग से निकली चिंगारी माना जा रहा है।
अग्निकांड में प्रेम नारायण, महेश, किशोरी, हरनाथ, प्रमोद, बलराम प्रजापति, रामकिशोर प्रजापति, मंगल सिंह, गुड्डू, भूरे राजपूत, राजकुमार और योगेंद्र सहित कई ग्रामीणों का भूसा, अनाज, ट्रॉली, सिंचाई पाइप तथा अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना पर उप जिलाधिकारी ज्योति सिंह, क्षेत्राधिकारी राजीव शर्मा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व विभाग की टीम, पुलिस तथा दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के नुकसान का सर्वे शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवारों को शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित