जालौन , मई 26 -- उत्तर प्रदेश की जालौन जिला में विकासखंड डकोर के ग्राम कुसमिलिया में सोमवार शाम लगी भीषण आग ने 17 परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए। आग की चपेट में आने से कच्चे मकान, छप्पर, कपड़े और घरेलू सामान जलकर राख हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया लेकिन जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर प्रभावितों को सहायता पहुंचाई।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय स्वयं गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार तक आवश्यक सहायता तत्काल पहुंचाई जाए। प्रशासन द्वारा मौके पर राहत सामग्री वितरित करने के साथ भोजन और पेयजल की व्यवस्था कराई गई। प्रभावित परिवारों के लिए लंगर भी संचालित कराया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि दैवीय आपदा राहत मद से प्रभावित परिवारों के खातों में सहायता धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। गंभीर रूप से प्रभावित परिवारों को 1.20 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है, जबकि अन्य प्रभावितों को नुकसान के अनुसार राहत राशि मंजूर की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित