कुशीनगर , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को जेवर (नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट) और बिहार के गया से हवाई सेवा के माध्यम से जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी और जिला प्रशासन प्रस्तावित एयर कॉरिडोर को धरातल पर उतारने के लिए रूट चार्ट और स्लॉट आवंटन की कार्ययोजना तैयार करने में जुट गए हैं। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार को बताया कि प्रस्तावित हवाई संपर्क से उत्तर प्रदेश और बिहार के बौद्ध परिपथ (बौद्ध सर्किट) को नई गति मिलेगी। इससे थाईलैंड, श्रीलंका, वियतनाम, जापान सहित अन्य बौद्ध देशों से आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए यात्रा अधिक सुगम होगी। वर्तमान में दिल्ली पहुंचने के बाद पर्यटकों को सड़क मार्ग से कुशीनगर पहुंचने में 12 से 14 घंटे का समय लगता है, जबकि जेवर से सीधी उड़ान शुरू होने पर यह यात्रा लगभग डेढ़ घंटे में पूरी हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया और महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से विदेशी पर्यटकों के लिए एकीकृत बौद्ध पर्यटन पैकेज तैयार करना आसान होगा, जिससे दोनों राज्यों के धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
जिलाधिकारी के अनुसार कुशीनगर में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2017 में यहां लगभग 9.37 लाख पर्यटक पहुंचे थे, जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 22.42 लाख से अधिक हो गई। वर्ष 2025-26 में 25 लाख से अधिक पर्यटकों के आगमन का अनुमान है।
पर्यटन विभाग का अनुमान है कि जेवर और गया से नियमित उड़ानें शुरू होने के बाद अगले दो वर्षों में विदेशी पर्यटकों की संख्या प्रतिवर्ष लगभग पांच लाख तक बढ़ सकती है तथा कुल पर्यटकों की संख्या 30 लाख के पार पहुंच सकती है। इससे होटल उद्योग को भी लाभ मिलेगा और स्थानीय राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।
श्री तंवर ने बताया कि पूर्व में विमानों की उपलब्धता और तकनीकी कारणों से उड़ान संचालन प्रभावित हुआ था। इस बार विमानन कंपनियों के साथ दीर्घकालिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि हवाई सेवाएं नियमित रूप से संचालित होती रहें। उन्होंने कहा कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नियमित उड़ानों के संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है और मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जेवर एवं गया से सीधी हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ समन्वय कर कार्य किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित